बोकारो: लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव-2026 के सफल समापन के बाद जिला प्रशासन ने आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। श्यामली गेस्ट हाउस के सभागार में हुई बैठक में उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महोत्सव की सफलता सामूहिक प्रयास, आपसी समन्वय और सभी की जिम्मेदारी से काम करने का परिणाम है।
इस दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आयोजन के अनुभवों पर आत्ममंथन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने घर जाकर अपनी डायरी में एक बात जरूर लिखें कि ऐसा कौन-सा अतिरिक्त काम या पहल की जा सकती थी, जिससे महोत्सव और बेहतर होता। उनके अनुसार, अपनी कमियों और अनुभवों की समीक्षा से ही भविष्य के आयोजनों को और बेहतर बनाया जा सकता है।
अगले आयोजन में चूक की गुंजाइश न रहे : एसपी
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने भी महोत्सव के दौरान सभी विभागों और कर्मियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि आने वाले आयोजनों में भी इसी तरह टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। हर स्तर पर सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि किसी भी जिम्मेदारी के निर्वहन में चूक न हो।
बैठक के अंत में उपायुक्त और एसपी ने आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, एसी सुनील चन्द्र, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार सहित जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित थे।
