Tuesday, November 24

सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में रांची के खिलाड़ियों ने मारी बाजी, चार दिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड के करीब 650 खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों ने लिया हिस्सा

रांची: खेल के मैदान में रांची के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और दमखम का लोहा मनवाया है। झारखंड वुशु एसोसिएशन के तत्वावधान और वुशु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निर्देश पर आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट में रांची की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों वर्गों की चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में रांची के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान हासिल कर तीनों ट्रॉफियों पर कब्जा जमाया। चार दिनों तक चली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, रांची में हुआ।

समापन समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची की महापौर रोशनी खलखो और खेल निदेशक छवि रंजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

तीनों वर्गों में रांची ने दिखाया दम

प्रतियोगिता के परिणामों में रांची का दबदबा साफ नजर आया। सब जूनियर वर्ग में रांची ने 8 स्वर्ण, 7 रजत और 18 कांस्य पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। चतरा की टीम 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रही, जबकि रामगढ़ ने 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

जूनियर वर्ग में भी रांची के खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। इस वर्ग में रांची ने 7 स्वर्ण, 7 रजत और 10 कांस्य पदक जीतकर चैंपियनशिप अपने नाम की। चतरा की टीम 2 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि रामगढ़ ने 1 स्वर्ण और 1 कांस्य पदक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं, सीनियर वर्ग में रांची ने 6 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। गुमला की टीम 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि कोल्हान ने 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस तरह रांची ने तीनों आयु वर्गों में अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए प्रतियोगिता की सभी ट्रॉफियां अपने नाम कर लीं।

650 खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 650 खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों ने हिस्सा लिया। चार दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने ताउलु और सांदा जैसी स्पर्धाओं में अपनी तकनीक, शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

समापन समारोह में सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति जगन्नाथ चोलाकलिंगम, डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य बिपिन राय और मनरखन ग्रुप के चेयरमैन मनरखन महतो सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा चंचल भट्टाचार्य, सुनील सूर्यात, उदय साहू, मिथिलेश साहू, संजय साहू, अमरेंद्र दत्त द्विवेदी, रत्नेश कुमार गुप्ता, दीपक गोप, शैलेन्द्र दुबे, अनिका सिंह, अमासी बारला, कुणाल साह, डॉ. अंशु साहू, के.पी. बालियान, विभूति भूषण अमर, विद्यासागर करकेट्टा और शिवेंद्र दुबे समेत अन्य अतिथियों ने भी समारोह में भाग लिया।

पदक और ट्रॉफी देकर खिलाड़ियों को किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न वर्गों के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पदक, मेडल, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आकर्षण बढ़ाया। विपुल नायक के ग्रुप और लोक कल्याण केंद्र के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों और दर्शकों का मनोरंजन किया।

झारखंड वुशु एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला संघों, तकनीकी अधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, अभिभावकों और अन्य सहयोगियों के प्रति आभार जताया। एसोसिएशन ने कहा कि अस्मिता योजना महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान कर रही है। इस पहल के माध्यम से राज्य की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सशक्त मंच मिल रहा है।

Share.
Next Story
रांची में एम्स की स्थापना और अहमदाबाद के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग, केंद्रीय मंत्री से मिला झारखंड चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल
Exit mobile version