रांची: सोचिए, एक पिता अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़ता है। कभी अपनी जरूरतें टालता है, तो कभी छोटी-छोटी खुशियों से समझौता करता है। उसके मन में बस एक ही सपना होता है कि जिस दिन बेटी की विदाई हो, उस दिन उसे किसी चीज की कमी न रहे। धीरे-धीरे वह गहने जुटाता है, घर-गृहस्थी का सामान खरीदता है और बेटी की नई जिंदगी शुरू करने के लिए जरूरी चीजें सहेजकर रखता है। लेकिन अगर शादी की इन्हीं तैयारियों पर कोई चोर हाथ साफ कर दे, तो उस पिता पर क्या बीतेगी?
राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला में कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक बंद घर को निशाना बनाकर चोर करीब 40 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर गए। चोरी गए सामान में बेटी की शादी के लिए रखे गए गहने और दूसरे कीमती सामान भी शामिल हैं। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियां संजोकर रखी गई थीं, अब वहां सिर्फ बिखरा सामान, खाली अलमारियां और सन्नाटा है।
एक महीने से बंद था घर, चोरों ने खंगाल डाला पूरा मकान
जानकारी के मुताबिक, परिवार करीब एक महीने से बिहार गया हुआ था। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर घुस गए। इसके बाद कमरों और अलमारियों को खंगाल डाला। कीमती सामान, नकदी, गहने और बेटी की शादी के लिए जुटाकर रखी गई चीजें लेकर फरार हो गए।
परिवार को चोरी की जानकारी पड़ोसियों के फोन से मिली। सूचना मिलते ही लोग घर लौटे। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सामान इधर-उधर बिखरा था और कीमती चीजें गायब थीं। बेटी की शादी के लिए संभालकर रखा गया सामान भी चोर ले जा चुके थे। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
चोरी सिर्फ सामान की नहीं, एक पिता की मेहनत पर भी चोट
घर में हुई चोरी को सिर्फ लाखों रुपये के नुकसान के तौर पर देखना आसान है, लेकिन बेटी की शादी के लिए जुटाए गए सामान के पीछे किसी परिवार की लंबे समय की मेहनत और उम्मीदें भी होती हैं। एक-एक चीज खरीदकर उसे शादी के दिन के लिए सहेजना और फिर एक ही रात में सब कुछ खो देना परिवार के लिए बड़ा झटका है।
हालांकि, परिवार को कितना आर्थिक नुकसान हुआ है और शादी की तैयारियों पर इसका क्या असर पड़ेगा, इसकी पूरी जानकारी सामने आना बाकी है।
पुलिस जांच में जुटी…
घटना की सूचना मिलने के बाद सुखदेवनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अब पुलिस के सामने चोरों का पता लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी की चुनौती है।
इसे भी पढ़े – केनरा बैंक डकैती: पूरी झारखंड पुलिस, फॉरेंसिक टीम, स्पेशल ब्रांच हारे… अब 10 लाख वाले मुखबिर के सहारे!


