रांची भाजपा एक बार फिर पूरे उत्साह के साथ अपने सबसे बड़े नेता के जन्मदिन को जनोत्सव में बदलने की तैयारी में जुट गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन को पार्टी उत्सव के रूप में मनाएगी। इसकी घोषणा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में की। उन्होंने एक माह तक चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए इस अभियान को खास बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर भाजपा सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस विशेष अवसर पर 17 सितंबर को राज्य के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। प्रत्येक सांगठनिक मंडल का एक गांव पूर्ण रूप से सजाया जाएगा और हर घर दीप से प्रज्ज्वलित होगा।
सेवा के 25 साल, 25 कहानियां कार्यक्रम की शुरुआत
आदित्य साहू ने बताया कि ‘सेवा के 25 साल 25 कहानियां’ कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी के सामाजिक जीवन के 25 साल पर 25 कहानियां लिखी जाएंगी, जिनके माध्यम से उनके सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के इन सभी सेवा अभियानों का अंतिम लक्ष्य प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारना है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, मोदी सरकार की योजनाओं को सराहा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के बाद देश में कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन किसी ने गरीब, शोषित और वंचित लोगों की सच में चिंता नहीं की। पूर्व की सरकारें चुनाव के वक्त वादे करती थीं और बाद में भूल जाती थीं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद गरीब, किसान, मजदूर और वंचितों के कल्याण के लिए कई योजनाएं बनाई गईं, जिनसे देश में क्रांतिकारी बदलाव आया।
