Wednesday, October 28

पलामू: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) परिसर में कुत्ते के मुंह में नवजात शिशु का शव मिलने के मामले में जिला प्रशासन की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि नवजात का जन्म मेडिकल कॉलेज के बगल में स्थित एक निजी अस्पताल में हुआ था। इसके बाद दो महिलाएं नवजात के शव को झोले में लेकर अस्पताल परिसर पहुंचीं और पोस्टमार्टम हाउस के पास छोड़कर चली गईं। मामले में कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित निजी अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया है।

दरअसल, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे MMCH परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया था। अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक युवक ने यह दृश्य देखा और अस्पताल की पुलिस चौकी को सूचना दी। इसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया।

DC और SP ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू के डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और एसपी कपिल चौधरी खुद मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया।

CCTV फुटेज से निजी अस्पताल तक पहुंची जांच टीम

सदर एसडीएम संजय पांडेय और प्रशिक्षु आईएएस ऋत्विक मेहता के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर टीम मेडिकल कॉलेज के बगल में स्थित निजी अस्पताल तक पहुंची। इसके बाद मंगलवार देर शाम संबंधित निजी अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया गया।

जांच के बाद सामने आएगी पूरी तस्वीर

फिलहाल, मामले में जिला प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। नवजात के शव को अस्पताल परिसर तक लाने और उसे वहां छोड़ने की परिस्थितियों को लेकर जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Next Story
चक्रवात ‘अर्नब’ का झारखंड में दिखने लगा है असर, रांची समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं
Exit mobile version