Tuesday, October 13

धनबाद: दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद में तैयारियां तेज हो गई हैं। हीरापुर स्थित झारखंड मैदान में इस बार सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण तैयार कर रही है। समिति की ओर से इस वर्ष ‘आदिवासी शीश महल’ थीम पर भव्य पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। पंडाल और पूजा आयोजन पर करीब 32 लाख रुपये खर्च होने की बात समिति की ओर से कही गई है।

‘आदिवासी शीश महल’ होगी इस बार की खास थीम

सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा समिति के मीडिया प्रभारी विकास साव के अनुसार, इस वर्ष पूजा पंडाल की थीम ‘आदिवासी शीश महल’ रखी गई है। पंडाल के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण भी पूर्व मेदिनीपुर से आए कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। पंडाल की आकर्षक लाइटिंग भी वहीं से मंगाई जा रही है।

समिति का दावा है कि पंडाल को पारंपरिक और प्राकृतिक रूप देने के लिए विशेष तौर पर अलग-अलग सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्लास्टिक और थर्माकोल का नहीं होगा इस्तेमाल

इस पूजा पंडाल की सबसे खास बात इसका निर्माण है। समिति के अनुसार, पंडाल बनाने में प्लास्टिक और थर्माकोल का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इसके बजाय बांस, बांस की छिलका, नारियल की खोपड़ी, हुगला पत्ता और बैगन के फूल जैसी प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया जा रहा यह पंडाल श्रद्धालुओं के लिए अलग अनुभव देने की तैयारी में है। पंडाल की सजावट में पारंपरिक शिल्प और आदिवासी संस्कृति की झलक दिखाने की कोशिश की जा रही है।

23 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

पूजा के साथ-साथ समिति ने विसर्जन शोभायात्रा को भी खास बनाने की तैयारी की है। 23 अक्टूबर की सुबह 10 बजे झारखंड मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकार और सांस्कृतिक दल शामिल होंगे।

इस दौरान मुंबई के प्रसिद्ध ढोल, बनारस की राधा-कृष्ण नृत्य मंडली और बंगाल के छऊ नर्तक मुख्य आकर्षण रहेंगे।

हाथी-घोड़े और झांकियां भी रहेंगी आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ कई अन्य आकर्षण भी शामिल किए जाएंगे। इसमें हाथी-घोड़े, विभिन्न झांकियां और स्थानीय महिलाओं की भागीदारी रहेगी। स्कूटी पर सवार महिलाएं भी शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगी।

इसके अलावा माता की तलवार और छत्र लिए महिलाएं तथा श्रीराम सेना भी शोभायात्रा में शामिल होगी। समिति की ओर से इसे भव्य और आकर्षक बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति ने पार्किंग की व्यवस्था भी की है। श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग अभय सुंदरी स्कूल में कराई जाएगी।

समिति के मुताबिक, पूजा पंडाल से लेकर शोभायात्रा तक पूरे आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारी चल रही है। प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया जा रहा ‘आदिवासी शीश महल’ इस बार धनबाद की दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनने की तैयारी में है।

Share.
Next Story
फ्लाईदुबई विमान को हाईजैक करने की कोशिश, सह-पायलट ने कुल्हाड़ी से किया हमला; UAE ने बताया आतंकी हमला
Exit mobile version