देश में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। बिहार के जमुई में हुई एक भयावह घटना के कुछ ही दिनों बाद अब ओडिशा से भी इसी तरह का शर्मनाक मामला सामने आया है। ओडिशा के ढेंकनाल जिले में प्रसिद्ध कपिलास शिव मंदिर की ओर जा रहे एक युवा पर्यटक जोड़े के साथ रास्ते में उत्पीड़न और मारपीट की घटना हुई। सोशल मीडिया पर इस वारदात का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मंगलवार को दो लोगों को हिरासत में ले लिया।

सुनसान रास्ते पर रोका, फिर की मारपीट
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना कपिलास की हरी-भरी पहाड़ियों की ओर जाने वाले एक एकांत और सुनसान रास्ते पर हुई। वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बाइक सवार पर्यटक जोड़े का रास्ता रोक लिया और युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला मदद के लिए लगातार चीखती-पुकारती रही, लेकिन आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू
ढेंकनाल के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो के आधार पर गोंदिया पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, और पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जमुई में भी हुई थी ऐसी ही वारदात
गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले बिहार के जमुई में एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ खौफनाक हमला हुआ था, जो 19 सितंबर की शाम को हुआ। जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए एक महिला अधिकारी की अगुवाई में विशेष जांच दल बनाया गया है, जो आरोपियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रहा है। दोनों घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़े : झारखंड सरकार का बड़ा फैसला : कस्तूरबा सहित सभी आवासीय विद्यालयों के संविदा शिक्षकों के मानदेय में 10% इजाफा



