खूंटी: झारखंड के खूंटी में संत मिखाइल महागिरजाघर से जुड़े फादर बेनेडिक्ट बारला पर अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है। हमले में गंभीर रूप से घायल फादर को पहले खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, उन्हें रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विद्यालय के कार्यालय में घायल अवस्था में मिले फादर
फादर बेनेडिक्ट बारला खूंटी स्थित आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्राचार्य हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, वे रात में विद्यालय के कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद वे लहूलुहान हालत में कार्यालय में पड़े रहे।
बुधवार सुबह जब कुछ लोग विद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने फादर को गंभीर रूप से घायल देखा। इसके बाद उन्हें बिना देर किए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया।
हमले के विरोध में भगत सिंह चौक जाम
फादर पर हुए हमले की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में लोगों ने खूंटी के भगत सिंह चौक को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी हमले में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सड़क जाम होने से इलाके में आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के एसपी, एसडीपीओ समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने और घटना के कारणों का खुलासा करने में जुटी है।
इसे भी पढ़े – पैतृक गांव नेमरा में दिखा कल्पना सोरेन का देसी अंदाज, हाथों में मछली लिए तस्वीर ने खींचा ध्यान


