Tuesday, November 10

अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में विधि-विधान से हुआ पूजन, मोदी परिवार ने मुख्य यजमान के रूप में अर्पित किया भोग; मंदिर परिसर में गूंजे जयकारे

रांची। कार्तिक माह के पावन अवसर पर मंगलवार को अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में खाटू नरेश श्याम बाबा को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। श्री श्याम मंडल, रांची की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही शुरू हो गई थी। दोपहर 11 बजे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर श्याम प्रभु को विभिन्न प्रकार के पकवानों और मिष्ठान का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में 500 से अधिक भक्तों ने अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण किया।

गणेश पूजन के साथ शुरू हुआ धार्मिक अनुष्ठान

कार्यक्रम की शुरुआत श्री श्याम मंडल के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश बागला, मंत्री धीरज बंका और मोदी परिवार की उपस्थिति में गणेश पूजन के साथ हुई। इसके बाद मंदिर में विराजमान वीर बजरंगबली और शिव परिवार की पूजा-अर्चना की गई। भगवान को विभिन्न प्रकार के फल और मिष्ठान अर्पित किए गए। इसके बाद खाटू नरेश श्याम बाबा को अन्नकूट का भोग लगाया गया।

इस अवसर पर ललित मोदी, सृष्टि मोदी, अंशुल मोदी और तुषित थर्ड मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा संपन्न कर श्याम प्रभु को भोग अर्पित किया।

पुड़ी, पुड़ा, बड़ा और पंचमेल सब्जी का लगाया भोग

अन्नकूट के अवसर पर श्याम बाबा को पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया गया। इसमें पुड़ी, पुड़ा, बड़ा और पंचमेल की सब्जी सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन शामिल थे। मंदिर में ही भोग तैयार किया गया था। पूजा के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालु ‘हारे के सहारे की जय’ और ‘लखदातार की जय’ के जयकारे लगाते रहे।

कतार में लगकर भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच अन्नकूट प्रसाद का वितरण शुरू हुआ। प्रसाद प्राप्त करने के लिए भक्त कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। श्री श्याम मंडल के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा। मंदिर पहुंचने वाले भक्तों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई थी। साथ ही उनकी चरण पादुकाओं को सुरक्षित रखने के लिए भी उचित प्रबंध किया गया था।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। परिवारों के साथ पहुंचे भक्तों ने बाबा के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंडल की ओर से पूरे आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गई थीं।

मंडल के कार्यकर्ताओं ने निभाई अहम भूमिका

कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास पाड़िया, प्रमोद बगड़िया, मनोज ढांढनियां, प्रदीप अग्रवाल, अभिषेक डालमिया, प्रियांश पोद्दार, बालकिशन परसरामपुरिया, नितेश केजरीवाल, राजेश सारस्वत और नितेश लखोटिया का सहयोग रहा।

श्री श्याम मंडल के मीडिया प्रभारी सुमित पोद्दार ने बताया कि अन्नकूट आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। मंदिर परिसर में पूजा, भोग और प्रसाद वितरण के दौरान पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Share.
Next Story
हेहल सोहराय जतरा महोत्सव में शामिल हुए संजय सेठ, मेला समिति की महिलाओं को किया सम्मानित
Exit mobile version