Tuesday, November 10

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा- सोहराय झारखंड की जनजातीय संस्कृति और जीवन-दर्शन का जीवंत प्रतीक, कृषि परंपरा, पशुधन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का देता है संदेश

रांची। झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपरा और प्रकृति से जुड़ी जीवनशैली की झलक मंगलवार को हेहल जतरा स्थल पर आयोजित सोहराय जतरा महोत्सव में देखने को मिली। सोहराय महापर्व के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ शामिल हुए। उन्होंने पारंपरिक उत्सव में सहभागिता की और स्थानीय लोगों को सोहराय पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने महोत्सव के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मेला समिति की महिलाओं को सम्मानित भी किया।

महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पारंपरिक पर्व के अवसर पर क्षेत्र में उत्सवी माहौल देखने को मिला। संजय सेठ ने कहा कि सोहराय झारखंड की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा ऐसा पर्व है, जो यहां की जनजातीय परंपराओं, प्रकृति के प्रति आस्था और सामुदायिक जीवन की भावना को दर्शाता है।

केवल पर्व नहीं, जनजातीय जीवन-दर्शन का प्रतीक है सोहराय

संजय सेठ ने कहा कि सोहराय केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय जीवन-दर्शन का जीवंत उत्सव है। यह पर्व कृषि परंपराओं, पशुधन के महत्व और प्रकृति के प्रति प्रेम, सम्मान तथा कृतज्ञता का संदेश देता है। जनजातीय समाज की जीवनशैली में प्रकृति और पशुधन का विशेष स्थान रहा है। सोहराय जैसे पर्व इसी जुड़ाव और परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि लोकसंस्कृति और परंपराएं किसी भी समाज की वास्तविक पहचान होती हैं। इन्हें केवल उत्सवों तक सीमित रखने के बजाय नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना चाहिए, ताकि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहे।

आयोजन में महिलाओं की भूमिका को सराहा

महोत्सव के दौरान रक्षा राज्य मंत्री ने मेला समिति की महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को सफल बनाने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। समिति की बहनें अपनी सक्रिय भागीदारी, मेहनत और समर्पण से न केवल आयोजन को सफल बनाती हैं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम भी करती हैं।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक पर्वों और मेलों के आयोजन में महिलाओं की भागीदारी समाज की सामूहिक शक्ति को दर्शाती है। उनके योगदान को सम्मान देना भी हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

लोकपरंपराओं के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

संजय सेठ ने झारखंड की जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपराओं और पारंपरिक उत्सवों के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना जरूरी है। सोहराय जैसे पर्व समाज को अपनी परंपराओं, सामुदायिक एकता और प्रकृति के साथ संतुलित जीवन का महत्व याद दिलाते हैं।

कार्यक्रम में अजीत भगत, अशोक मुंडा, बिंदेश्वर बेक, धर्मचंद्र उरांव, बिमेश तिर्की, बंदे उरांव, सुचित उरांव, राकेश तिर्की और विजय तिर्की सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने महोत्सव की रौनक बढ़ाई।

Share.
Next Story
कार्तिक माह में श्याम बाबा को लगा अन्नकूट का भोग, 500 से अधिक भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
Exit mobile version