Wednesday, November 25

खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के सोदे में सोमवार रात पुलिस दल पर हुए हमले के मामले में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसमें 19 लोगों को नामजद और 70 से 80 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। यह प्राथमिकी रनिया थाना प्रभारी श्याम कुम्हकार के बयान पर दर्ज हुई है।

प्राथमिकी के अनुसार, सोदे मध्य विद्यालय के पास सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद सोमवार की रात आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को घेर लिया था। चालक को छुड़ाने पहुंची पुलिस को पता चला कि उसे सिमडेगा के बानो थाना क्षेत्र स्थित लताकेल गांव में एक व्यक्ति ने अपने घर में शरण दे रखी है। वहां दो से तीन सौ लोगों की भीड़ जमा थी। बानो पुलिस के सहयोग से चालक को सुरक्षित निकालकर थाने भेज दिया गया।

वापसी के दौरान सोदे गांव में जमा भीड़ ने पुलिस पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए और सरकारी पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। प्राथमिकी में पुलिस का हथियार छीनने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया गया है। हमले से बचने के लिए पुलिसकर्मियों को एक दुकान में छिपना पड़ा। बाद में चार थानों की पुलिस और सशस्त्र बल ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

Share.
Next Story
हजारीबाग के बाद चतरा में भी राहुल दुबे गैंग से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से अपराधी घायल
Exit mobile version