रांची: बहुचर्चित कमल भूषण हत्याकांड के सरकारी गवाह मुनव्वर अफाक पर हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना रांची के कांटाटोली चौक के समीप की है, जहां सुबह करीब 8:30 बजे मुनव्वर अफाक सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और उन पर पिस्टल तान दी।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली मिसफायर हो गई। इससे मुनव्वर अफाक की जान बच गई। इसके बाद अपराधी बाइक से नामकुम की ओर तेजी से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना के बाद मुनव्वर अफाक ने इसकी सूचना लोअर बाजार थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही हमले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मुनव्वर ने दो अपराधियों की बताई पहचान
मुनव्वर अफाक के अनुसार, बाइक पर आए अपराधियों में से दो की पहचान एलेक्स और कटला के रूप में हुई है। उनके मुताबिक, दोनों कुख्यात अपराधी हैं और पीएलएफआई से भी जुड़े रहे हैं।
पुलिस अब मुनव्वर के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।



