जमशेदपुर, 20 सितंबर: एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित नेपाली बस्ती में शनिवार शाम पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया।
तीन घायलों की हालत गंभीर
टीएमएच रेफर किए गए घायलों में शंकोसाई रोड नंबर-1 निवासी राहुल कर, उसका साथी धीरज कुमार और दूसरे पक्ष का मुन्ना थापा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि राहुल कर और धीरज कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मारपीट में भोतू, छोटू रजक और विशेश्वर भी घायल हुए हैं। घटना के बाद नेपाली बस्ती में कुछ देर तक तनाव और डर का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
विसर्जन जुलूस के दौरान शुरू हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत शुक्रवार को निकाले गए विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि जुलूस में नाचने को लेकर बस्ती के सुशील नामक युवक और कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प भी हुई, लेकिन स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उस समय मामला शांत हो गया।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम सुशील अपने आठ-दस साथियों के साथ दोबारा नेपाली बस्ती पहुंचा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और विवाद की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
इसे भी पढ़े – ब्रजेश गंझू एनकाउंटर: तीन दशक के आतंक का अंत, 44 मुकदमों की खौफनाक फाइल



