पिठोरिया थाने में दिए आवेदन में पिता आनंद भगत ने बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का लगाया आरोप, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

रांची। आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत के मामले में अब उनके पिता आनंद भगत ने पिठोरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा समेत कुछ अन्य लोगों पर अपनी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पिता ने आवेदन में आरोपित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस को दिए आवेदन में आनंद भगत ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को झूठे मुकदमों में फंसाकर लगातार मानसिक दबाव बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि इस प्रताड़ना के कारण निशा मानसिक रूप से परेशान थीं। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें बदनाम किया गया और घर से बाहर निकलने तथा कहीं आने-जाने के दौरान भी परेशान किया जाता था।
पिता ने कई लोगों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
आवेदन में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के नाम का उल्लेख करते हुए पिता ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कुछ अन्य लोगों पर भी निशा को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि इस तरह की परिस्थितियों ने उनकी बेटी पर गंभीर मानसिक दबाव बनाया।
आनंद भगत ने आवेदन में कहा है कि उनकी बेटी की मौत से पहले सोशल मीडिया पर अपना बयान दिया था, जिसमें उसने कई लोगों के नाम लिए थे। उन्होंने उन सभी लोगों के खिलाफ प्राथमिकता के आधार पर जांच और कार्रवाई करने की मांग की है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
निशा भगत की मौत के बाद यह मामला लगातार चर्चा में है। अब पिता की शिकायत के बाद मामले में पुलिस की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन लोगों की क्या भूमिका रही है।


