10वीं-12वीं के स्टेट टॉपर्स को नकद पुरस्कार के साथ लैपटॉप और मोबाइल, JEE, NEET और CLAT में सफल विद्यार्थियों को भी मिलेगा सम्मान…15 नवंबर को होगा समारोह

रांची। झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर राज्य के मेधावी विद्यार्थियों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। 15 नवंबर को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वर्ष 2026 में विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कुल 235 विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। चयनित विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को पत्र जारी कर समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
बोर्ड के स्टेट टॉपर्स को मिलेंगे 3 लाख रुपये तक
जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में राज्य स्तर पर पहले तीन स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के तौर पर प्रथम स्थान पाने वाले को 3 लाख, दूसरे स्थान वाले को 2 लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा।
इस बार सीबीएसई 12वीं के वोकेशनल संकाय के टॉपर्स को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। तीनों बोर्डों को मिलाकर कुल 80 विद्यार्थियों को पुरस्कार दिया जाएगा।
सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 12 विद्यार्थी भी होंगे सम्मानित
सम्मान समारोह में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को भी जगह मिलेगी। दोनों कक्षाओं के कुल 12 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार की आकांक्षा कोचिंग के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
JEE, NEET और CLAT में सफल विद्यार्थियों को भी मिलेगा सम्मान
आकांक्षा कोचिंग के कुल 50 विद्यार्थियों को सम्मानित करने की तैयारी है। इनमें JEE में सफल 35 और NEET में सफलता हासिल करने वाले 12 विद्यार्थी शामिल हैं। CLAT में सफल विद्यार्थियों को भी समारोह में पुरस्कार दिया जाएगा।
1.46 करोड़ रुपये के पुरस्कार, 226 लैपटॉप और 80 मोबाइल का वितरण
शिक्षा विभाग के अनुसार, समारोह के लिए कुल 1.46 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों के बीच 226 लैपटॉप, 80 मोबाइल और 9 टैब वितरित किए जाएंगे। कुल 235 विद्यार्थियों को इस सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाना है।
13 नवंबर तक देनी होगी उपस्थिति की जानकारी
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सम्मान समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति से जुड़ी जानकारी 13 नवंबर तक उपलब्ध कराई जाए। यदि कोई चयनित विद्यार्थी किसी कारण से समारोह में नहीं पहुंच पाता है, तो उसकी जगह उसके माता-पिता कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
शिक्षा विभाग ने जिलों को चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से संपर्क कर समारोह से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा है।


