Tuesday, October 13

लातेहार: आदिवासी महिला पुनिया देवी के साथ मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और दुर्व्यवहार के मामले में लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने कार्रवाई की है। एसपी ने बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और सिपाही मनीष राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है।

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 5 अक्टूबर को बकरी चराने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें पोस्ता की खेती और कारोबार से जुड़े होने के संदेह में पकड़ा था। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और थाने ले जाकर प्रताड़ित किया गया।

उल्टा लटकाकर पीटने और दुर्व्यवहार का आरोप

पीड़िता के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उनके हाथ-पैर बांधकर उल्टा लटकाया और बेरहमी से पिटाई की। उन्होंने जातिसूचक गालियां देने, गुप्तांगों में मिर्च डालने की धमकी देने और रास्ते में शारीरिक दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि रिहा करने से पहले दबाव डालकर उनका वीडियो बनवाया गया, जिसमें उनसे पोस्ता की खेती करने की बात कहलवाई गई। शिकायत के मुताबिक, परिवार से 80 हजार रुपये लिए जाने का आरोप भी लगाया गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जांच, अब विभागीय कार्रवाई

मामले के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लेते हुए जांच और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा था कि ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है।

इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए बालूमाथ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और महिला पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित करने की जानकारी दी थी। अब थाना प्रभारी और सिपाही के निलंबन की कार्रवाई की गई है।

फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़े – बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर जुटाया था सामान, चोरो ने अरमान पर फेर दिए पानी…

Share.
Next Story
लोगो की जान के साथ हो रहा था खिलवाड़ , SDM और फूड सेफ्टी टीम की छापेमारी में खुली पोल
Exit mobile version