सिंगापुर में चल रहा था इलाज, कई महीनों बाद झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल हुए दुमका विधायक; समर्थकों और शुभचिंतकों का जताया आभार
रांची। झारखंड के दुमका विधायक बसंत सोरेन लंबे समय तक इलाज कराने के बाद अब पूरी तरह स्वस्थ होकर सार्वजनिक गतिविधियों में लौट आए हैं। गुरुवार (26 नवंबर) को वे झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल होने पहुंचे। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी सेहत को लेकर कहा कि अब वे पूरी तरह फिट हैं। साथ ही उन्होंने मुश्किल समय में उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए दुआ और आशीर्वाद देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
दरअसल, बसंत सोरेन पिछले कुछ महीनों से अस्वस्थ चल रहे थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें सिंगापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य कारणों से वे लंबे समय तक राजनीतिक और सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे। इसी वजह से वे पिछले महीने अपनी मां रूपी सोरेन के निधन के बाद अंतिम दर्शन और श्राद्ध कर्म में भी शामिल नहीं हो सके थे।
झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित किया गया है। सत्र के दूसरे दिन बसंत सोरेन की मौजूदगी राजनीतिक और संसदीय हलकों में चर्चा का विषय रही। इलाज के बाद उनकी विधानसभा में वापसी को उनके स्वास्थ्य में सुधार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
विधानसभा परिसर में उन्होंने अपनी सेहत को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कहा कि अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनकी वापसी से समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भी खुशी का माहौल है।
