Thursday, November 26

रांची। राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान हिंसक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नायक चौक स्थित देवी मंडप रोड, हेहल में हुए विवाद के दौरान एक महिला के सिर पर टांगी से हमला कर दिया गया। हमले में हीरा मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गईं। फिलहाल उनका इलाज चौधरी नर्सिंग होम में चल रहा है।

घटना को लेकर हीरा मुंडा की 28 वर्षीय बेटी आरती मुंडा ने पंडरा ओपी में लिखित शिकायत दी है। आवेदन में आरती ने अपने चाचा दिनेश मुंडा और चाची संगीता मुंडाइन पर हमला करने का आरोप लगाया है।

पहले भतीजी पर किया हमला, भाई ने बचाया

आरती मुंडा के लिखित आवेदन के अनुसार, घटना के दिन सुबह करीब 11:30 बजे उनकी मां हीरा मुंडा, भाई अनिल मुंडा और सुनील मुंडा घर के पास रखी ईंटों को दूसरी तरफ रख रहे थे। इसी दौरान उनके चाचा दिनेश मुंडा और चाची संगीता मुंडाइन वहां पहुंचे।

आरोप है कि दोनों ने पहले आरती मुंडा पर टांगी से हमला करने की कोशिश की। इस दौरान उनके भाई सुनील मुंडा ने बीच-बचाव कर उन्हें बचा लिया।

मां को समझाने के दौरान सिर पर मारी टांगी

आवेदन में आगे बताया गया है कि इसके बाद जब उनकी मां हीरा मुंडा ने मामले को शांत कराने और आरोपियों को समझाने की कोशिश की, तो उनके सिर पर टांगी से वार कर दिया गया। हमले में हीरा मुंडा गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं।

शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी मौके पर टांगी छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद परिजन घायल हीरा मुंडा को आनन-फानन में चौधरी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं।

आरती मुंडा ने अपने आवेदन में पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Share.
Next Story
एमजीएम अस्पताल में शव की दोनों आंखें गायब मिलने से मचा हड़कंप, परिजनों ने किया हंगामा
Exit mobile version