जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक 18 वर्षीय युवक के शव की दोनों आंखें गायब मिलने से हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। मिली जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी सूरज प्रमाणिक ने बुधवार को कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उसके शव को पोस्टमार्टम और रख-रखाव के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भेजा गया था।
गुरुवार की सुबह जब परिजन शव लेने के लिए अस्पताल पहुंचे, तो वे शव की हालत देखकर दंग रह गए। परिजनों का सीधा आरोप है कि सूरज के शव की दोनों आंखें गायब थीं। इस अमानवीय घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले ने अस्पताल में शवों की सुरक्षा और व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन जांच में जुट गए हैं।
