राज्यपाल संतोष गंगवार ने विद्यार्थियों से अपनी सोच की सीमाएं तोड़कर नई संभावनाएं तलाशने तथा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र एवं समाज की प्रगति के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है और इस दिशा में आज के युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्यपाल 26 नवंबर को जैप-1, डोरंडा, रांची स्थित शौर्य सभागार में ICFAI विश्वविद्यालय, झारखंड के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे.
युवाओं के लिए निरंतर सीखना और तकनीकी बदलाव जरूरीः
राज्यपाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, जैव-प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में तेजी से बदलाव आ रहे हैं। युवाओं को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को अपनाने और बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री के संदेश “Break the Limits, Unlock the Possibilities” का हवाला देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर पूरा विश्वास रखने और नई संभावनाओं को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
संविधान दिवस के मूल्यों को आचरण में उतारेंः
संविधान दिवस के अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारा संविधान लोकतंत्र के आदर्शों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों की नींव है। इसकी प्रस्तावना में शामिल न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन व आचरण में अपनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने को कहा।
रोजगार सृजन और शोध पर जोरः
राज्यपाल ने कहा कि आज सिर्फ डिग्री हासिल करना काफी नहीं है, बल्कि युवाओं को उद्योगों और समाज की मांग के अनुसार कौशल विकसित करना चाहिए। उन्होंने नौकरी तलाशने के साथ-साथ उद्यमशीलता अपनाकर रोजगार के अवसर पैदा करने और अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी व सामाजिक उत्तरदायित्व को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही, विश्वविद्यालयों से कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक और ग्रामीण विकास में शोध व नवाचार को बढ़ावा देने का आह्वान किया, ताकि शोध के निष्कर्ष समाज के लिए भी उपयोगी साबित हो सकें।
