नई दिल्ली। कृषि क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। एग्रीकल्चरल साइंटिस्ट्स रिक्रूटमेंट बोर्ड (एएसआरबी) ने सेंट्रलाइज्ड कंबाइंड एग्जामिनेशन-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आइसीएआर) के विभिन्न संस्थानों और कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) में टेक्निकल असिस्टेंट (टी-3) और सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट (टी-4) के कुल 1,393 रिक्त पद भरे जाएंगे। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट asrb.gov.in पर जाकर 17 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पदों का विस्तृत विवरणः
कुल 1,393 पदों में से 1,254 पद टेक्निकल असिस्टेंट (टी-3) के और 139 पद सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट (टी-4) के लिए आरक्षित हैं। टेक्निकल असिस्टेंट (टी-3) के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें फील्ड फार्म टेक्नीशियन (एग्रीकल्चर) के 476 पद और लेबोरेटरी टेक्नीशियन (एग्रीकल्चर) के 223 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एनिमल साइंस में फील्ड फार्म टेक्नीशियन के 50 व लेबोरेटरी टेक्नीशियन के 65 पद, तथा फिशरीज में फील्ड फार्म टेक्नीशियन के 57 व लेबोरेटरी टेक्नीशियन के 33 पदों पर भर्ती होगी। साथ ही लाइब्रेरी, इन्फॉर्मेशन साइंस एवं डॉक्यूमेंटेशन के 59 पद भी भरे जाएंगे। अन्य पदों का विस्तृत ब्योरा आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है।
आवश्यक शैक्षणिक योग्यताः
इन पदों के लिए एग्रीकल्चर, फार्मिंग, एनिमल साइंस, फिशरीज, होम साइंस, फूड साइंस, बायोटेक्नोलॉजी, एनवायरनमेंटल साइंस और लाइब्रेरी साइंस में स्नातक डिग्री धारक उम्मीदवार आवेदन के पात्र हैं। इसके अलावा सिविल, मेकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, एग्रीकल्चर और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीइ/बीटेक डिग्री या तीन वर्षीय डिप्लोमा धारक भी आवेदन कर सकते हैं। कंप्यूटर एप्लीकेशन, कंप्यूटर साइंस और आइटी में स्नातक डिग्री रखने वाले युवाओं को भी इस भर्ती में शामिल होने का अवसर दिया गया है।
आयु सीमा और छूटः
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। हालांकि, सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में विशेष छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रियाः
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में आयोजित होने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के माध्यम से किया जाएगा। पहले चरण की प्रारंभिक परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी, जो केवल क्वालिफाइंग प्रकृति की रहेगी। उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट सूची मुख्य परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
आकर्षक वेतनमानः
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार आकर्षक वेतन मिलेगा। टेक्निकल असिस्टेंट (टी-3) के पद पर नियुक्त होने वाले उम्मीदवारों को पे लेवल-5 के तहत 29,200 रुपये से 92,300 रुपये तक वेतनमान दिया जाएगा। वहीं, सीनियर टेक्निकल असिस्टेंट (टी-4) के पदों के लिए पे लेवल-6 के तहत 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये तक मासिक वेतन निर्धारित किया गया है।
आवेदन से जुड़ी प्रमुख बातें
आवेदन की अंतिम तिथि: 17 दिसंबर 2026
आवेदन का माध्यम: ऑनलाइन
आधिकारिक वेबसाइट: asrb.gov.in
