द भारत मित्र न्यूज पोर्टल के पत्रकार को 25 नवंबर की रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर से किया गया गिरफ्तार, सिमडेगा पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी।
जमशेदपुर/सिमडेगा: सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े पॉक्सो मामले में पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। सिमडेगा पुलिस ने द भारत मित्र न्यूज पोर्टल के पत्रकार अभिषेक भारती को जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उनकी गिरफ्तारी 25 नवंबर की रात की गई। इसके बाद पुलिस उन्हें सिमडेगा ले गई, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्या है अभिषेक भारती की गिरफ्तारी का मामला?
जानकारी के अनुसार, यह मामला सिमडेगा के पाकरटांड़ थाना में दर्ज कांड संख्या 25/2026 से जुड़ा है। 13 नवंबर को एक नाबालिग के परिजन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में पत्रकार अभिषेक भारती और पूर्व कांग्रेसी नेता दिलीप तिर्की पर नाबालिग का अपहरण करने, उसे डराने-धमकाने और विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दबाव बनाकर बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दिलीप तिर्की पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस इससे पहले दिलीप तिर्की को रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित जोन्हा फॉल के जंगल के पास से गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद पुलिस अभिषेक भारती की तलाश में जुटी थी। आखिरकार 25 नवंबर को उन्हें जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या है विधायक भूषण बाड़ा से जुड़ा पॉक्सो मामला?
दरअसल, सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक 14 वर्षीय नाबालिग ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस संबंध में 13 नवंबर को रांची के विधानसभा थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। नाबालिग की शिकायत में विधायक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। विधायक की ओर से इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया गया है।
रांची प्रेस क्लब ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
पत्रकार अभिषेक भारती के मामले में रांची प्रेस क्लब ने भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर पत्रकार के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी
