साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने छापेमारी कर एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी और बैंक कर्मचारी बनकर लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
एसडीपीओ के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पथरड्डा ओपी क्षेत्र से मिथुन कुमार दास नामक आरोपी को दबोचा गया। पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को चूना लगाता था। वह गूगल पे, फोनपे और पेटीएम का फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देता था। इसके अलावा, पीएम किसान योजना, बिजली बिल अपडेट करने और आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजकर पीड़ितों के मोबाइल का पूरा एक्सेस अपने हाथ में ले लेता था।
आरोपी खुद को एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बताकर भी लोगों को झांसे में लेता था। वह एयरटेल थैंक्स ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद होने और उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर गोपनीय जानकारियां हासिल कर ठगी को अंजाम देता था।
पुलिस की तकनीकी जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी के जब्त मोबाइल और आईएमईआई नंबर के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों से साइबर ठगी की कई शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, यह शातिर अपराधी पहले भी देवघर साइबर थाना कांड संख्या के तहत जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस इसके अन्य साथियों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
