Sunday, November 1

बोकारो बोकारो जनरल हॉस्पिटल (BGH) में नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त का कथित मामला सामने आया है। सर्कस मैदान निवासी मनोज कुमार ने अस्पताल के कुछ कर्मचारियों पर उनकी नवजात बेटी को 2 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव देने का आरोप लगाया है। मनोज का दावा है कि एक सफाई कर्मचारी और तीन नर्सों ने उनसे कहा कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और बच्ची का पालन-पोषण नहीं कर पाएंगे। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

 

‘गरीब हो, बच्ची नहीं पाल पाओगे ‘

 

मनोज कुमार के अनुसार, उनकी पत्नी सोनी कुमारी 29 अक्टूबर से BGH में भर्ती हैं। उसी दिन शाम करीब 5 बजे उनकी पत्नी ने नॉर्मल डिलीवरी के जरिए एक बच्ची को जन्म दिया। मनोज का आरोप है कि इसके बाद अस्पताल के एक सफाई कर्मचारी और तीन नर्सों ने उनसे बच्ची को 2 लाख रुपये में देने की बात कही।

मनोज ने बताया उनसे कहा गया कि ‘गरीब हो, बच्ची नहीं पाल पाओगे ‘ लेकिन उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। उनका यह भी आरोप है कि इनकार करने के बाद उन्हें अपनी पत्नी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नवजात के माता-पिता और एक सफाई कर्मचारी के बीच बातचीत दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

 

 

SDM के आदेश पर पुलिस कर रही जांच

 

मामले को लेकर सेक्टर-4 थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि चास के एसडीओ के आदेश पर पुलिस जांच के लिए पहुंची थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी।

वहीं, BSL के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान से इस संबंध में प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले पर आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

बताते चले कि नवजात को 2 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिए जाने और बच्ची के माता-पिता को मिलने से रोकने के आरोप मनोज कुमार ने लगाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Share.
Next Story
पत्नी पर अश्लील टिप्पणी से भड़का होटल मालिक, अपने ही सेल्समैन की टांगी से काटकर कर दी हत्या; 50 हजार में तय हुई थी कीमत, दो गिरफ्तार
Exit mobile version