रांची/तमाड़। रांची जिले के तमाड़ में अवैध खनन और गिट्टी के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी लदे नौ हाईवा वाहनों को जब्त कर लिया। सभी वाहनों को तमाड़ थाना पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर तमाड़ हाई स्कूल मैदान के समीप खड़ा कराया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध खनन और गिट्टी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए सभी हाईवा कुरचुडीह स्थित एक क्रेशर से गिट्टी लोड कर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की ओर जा रहे थे। इसी दौरान प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहनों को रोककर उनके परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कई वाहनों के कागजात और परिवहन अनुमति को लेकर संदेह उत्पन्न होने पर सभी हाईवा को जब्त कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि संबंधित क्रेशर के पास खनन, स्टोन क्रशिंग और गिट्टी परिवहन के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियां हैं या नहीं। यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो क्रेशर संचालकों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तमाड़ और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से कई अवैध क्रेशरों का संचालन हो रहा है, जहां बिना वैध अनुमति के पत्थर का खनन और गिट्टी का परिवहन किया जाता है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोषी पाए जाने वाले वाहन मालिकों, परिवहनकर्ताओं और क्रेशर संचालकों पर खनन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें:-https://jharkhanddigital.com/after-the-revelations-of-tiger-and-ravindra-siege-in-the-forests/
SURBHI SHIPRA is a news editor, content writer , and graphic designer with experience in digital journalism and online media . she specializes in editing news ,articles, content writing, fact-checking , and creating engaging digital content . Along with editorial work, She designs eye-catching graphic and YouTube thumbnails . She is committed to delivering accurate, informative , and reader- focused content with creativity and professionalism. currently working as a journalist at Jharkhand Digital
