-राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे को लेकर भाजपा ने की तैयारियों की समीक्षा
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड दौरे और 24-25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसे लेकर शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने की। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड दौरे और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। पार्टी की ओर से कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई है। संगठन के नेताओं ने तैयारियों को समय पर पूरा करने और सभी कार्यक्रमों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
बैठक के बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने प्रेस वार्ता में बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के झारखंड आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उनके स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों में संगठन के सभी स्तरों के कार्यकर्ता सक्रियता से जुटे हुए हैं।
गणेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड प्रवास प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने बताया कि पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है, ताकि कार्यक्रमों के संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो।
दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक पर विशेष जोर
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश स्तर के पदाधिकारी संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान होने वाली बैठकों और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
गणेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड प्रवास और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सहित अन्य कार्यक्रमों को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठक में इन नेताओं की रही मौजूदगी
तैयारी बैठक में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप कुमार वर्मा, प्रदेश सह-प्रभारी निवेदिता सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन और गीता कोड़ा भी बैठक में शामिल हुए। प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह समेत प्रदेश के अन्य पदाधिकारियों ने भी तैयारियों से संबंधित चर्चा में हिस्सा लिया। बैठक में प्रदेश मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय पदाधिकारी, मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रभारियों के साथ विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे।


