Thursday, September 10

रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्रों पर दर्ज मुकदमों को लेकर भाजपा अब राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी में जुट गई है। 8 से 11 सितंबर तक चलने वाले चार दिवसीय आंदोलन के दौरान भाजपा प्रदेश के 24 जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी और DC एवं SP कार्यालयों का घेराव करेगी।

भाजपा का कहना है कि JPSC, JSSC CGL समेत सभी भर्ती परीक्षाओं में हुई व्यापक धांधली के खिलाफ यह आंदोलन किया जा रहा है। पार्टी की प्रमुख मांगों में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर झारखंड सरकार की ओर से दर्ज मुकदमे वापस लेना, परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले दोषियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की CBI जांच शामिल है।

24 जिलों में चार दिन चलेगा आंदोलन

भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी के मुताबिक, 8 सितंबर से शुरू होने वाले इस आंदोलन के लिए जिलावार तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर अलग-अलग जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को आंदोलन की जिम्मेदारी दी गई है।

8 से 11 सितंबर के बीच अलग-अलग तारीखों पर नेता संबंधित जिलों में पहुंचकर आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। पार्टी के अनुसार, पहले दिन रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा, दूसरे दिन कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा, तीसरे दिन सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा, जबकि अंतिम दिन रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में कार्यक्रम होगा।

किस जिले में कौन संभालेगा मोर्चा?

आंदोलन के दौरान भाजपा के कई बड़े नेता अलग-अलग जिलों में मोर्चा संभालेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू

  • 8 सितंबर – रांची
  • 9 सितंबर – सरायकेला
  • 11 सितंबर – खूंटी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी

  • 8 सितंबर – दुमका
  • 9 सितंबर – पाकुड़
  • 10 सितंबर – साहेबगंज
  • 11 सितंबर – गोड्डा

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास

  • 8 सितंबर – हजारीबाग
  • 10 सितंबर – धनबाद
  • 11 सितंबर – लोहरदगा

पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा

  • 8 सितंबर – जमशेदपुर
  • 9 सितंबर – बोकारो
  • 11 सितंबर – रामगढ़

एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव

  • 9 सितंबर – सिमडेगा
  • 10 सितंबर – गुमला और चाईबासा
  • 11 सितंबर – गिरिडीह

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ

  • 8 सितंबर – गढ़वा

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय

  • 10 सितंबर – चतरा
  • 11 सितंबर – जामताड़ा

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश

  • 9 सितंबर – पलामू
  • 10 सितंबर – लातेहार

मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल

  • 9 सितंबर – कोडरमा

पूर्व मंत्री नीरा यादव

  • 11 सितंबर – देवघर

जिलावार संयोजकों को भी मिली जिम्मेदारी

आंदोलन को जमीनी स्तर पर संचालित करने के लिए भाजपा ने जिलावार संयोजक भी नियुक्त किए हैं। इसके तहत रांची और देवघर में गणेश मिश्रा, सरायकेला में बालमुकुन्द सहाय, खूंटी में नीलकंठ सिंह मुंडा, दुमका में सुनील सोरेन, पाकुड़ में कृष्णा महतो, साहेबगंज में अनंत ओझा और गोड्डा एवं धनबाद में दिलीप वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं हजारीबाग, गढ़वा और पलामू की जिम्मेदारी भानु प्रताप शाही, लोहरदगा की अमित सिंह, सिमडेगा की मुनेश्वर साहू, गुमला और लातेहार की मनीर उरांव, गिरिडीह की सरोज सिंह, चाईबासा की गीता कोड़ा, जमशेदपुर की आभा महतो, बोकारो की अमर कुमार बाउरी, रामगढ़ की राकेश प्रसाद, चतरा की अमरदीप यादव, जामताड़ा की सुनील सोरेन और कोडरमा की जिम्मेदारी शालिनी बैसखियार को सौंपी गई है।

सरकार को पहले दिया गया था अल्टीमेटम

भाजपा का कहना है कि छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने को लेकर पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पिछले दिनों मुख्य सचिव के माध्यम से राज्य सरकार को अल्टीमेटम दिया था। भाजपा के मुताबिक, सरकार की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद राज्यव्यापी आंदोलन का फैसला लिया गया।

अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भाजपा छात्रों की इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। पार्टी का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोपों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।

8 सितंबर से शुरू होगा पहला चरण

भाजपा के तय कार्यक्रम के अनुसार 8 सितंबर को रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में प्रदर्शन होगा।

9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में आंदोलन किया जाएगा।

इसके बाद 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे।

आंदोलन के अंतिम दिन यानी 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में प्रदर्शन के साथ DC एवं SP कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

इसे भी पढ़े – रांची वालों के लिए बड़ी राहत! 70 की जगह 35 रुपये किलो मिलेगा प्याज, जानें कहां-कहां लगेगी वैन

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
JAC : बिना पेन और यू-डाइस कोड के विद्यार्थी नहीं भर पाएंगे मैट्रिक और इंटर के परीक्षा फॉर्म
Exit mobile version