प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने का किया आग्रह, जलाशयों में कचरा प्रवाहित न करने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की दी सलाह
बोकारो। लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ के शुभारंभ पर बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने शुक्रवार को सभी व्रतियों, श्रद्धालुओं और जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया से जिले के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है।
गहरे पानी और बिजली के तारों से सावधानी की सलाह
डीसी ने लोगों से पूरी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ पर्व मनाने तथा प्रशासन द्वारा तय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अर्घ्य देते समय केवल सुरक्षित स्थानों का ही उपयोग करें और जलाशयों में गहरे पानी की ओर न जाएं। घाटों पर बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के साथ-साथ बिजली के तारों और उपकरणों से भी सावधान रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल घाट पर तैनात दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों को सूचना देने का निर्देश दिया गया है।
स्वच्छता और आपसी सौहार्द बनाए रखने का आग्रह
स्वच्छता पर जोर देते हुए डीसी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखें। पूजा सामग्री या किसी भी प्रकार का कचरा जलाशयों में प्रवाहित न करें। अंत में उन्होंने सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने का आग्रह किया।
