बोकारो: जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन पर रोक लगाने को लेकर प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है। सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय एनकोर्ड कमेटी की बैठक की। बैठक में नशे के कारोबार, नशा मुक्ति, जागरूकता अभियान, छापेमारी, जब्ती और विभागीय कार्रवाई की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही, अभियान के तहत होने वाली सभी गतिविधियों और कार्रवाई को एनकोर्ड पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने को कहा, ताकि जिले में चल रहे अभियान और उसकी प्रगति की सही निगरानी हो सके।
स्कूलों के आसपास रहेगी विशेष नजर
बैठक में स्कूलों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन की संभावित गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। खासकर स्कूल आने-जाने के समय संवेदनशील विद्यालयों के आसपास नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया है।
चिह्नित हॉटस्पॉट पर पुलिस, ड्रग इंस्पेक्टर, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें अलग-अलग दिनों में पहुंचकर निगरानी करेंगी। प्रशासन का कहना है कि किसी स्थान से तत्काल कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिलने के बावजूद वहां कुछ दिनों के अंतराल पर दोबारा जांच की जाएगी।

जरीडीह समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, पूरे नेटवर्क पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा कि नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई केवल बरामदगी और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके स्रोत, सप्लाई चेन और स्थानीय नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। सीमावर्ती क्षेत्रों से नशीले पदार्थों की संभावित आपूर्ति को देखते हुए पेट्रोलिंग और सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया गया।
होटल, बार और अन्य प्रतिष्ठानों में भी नियमानुसार संचालन और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करने को कहा गया।
स्कूलों में संयुक्त जागरूकता अभियान
नशे के दुष्प्रभावों को लेकर स्कूलों में जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। शिक्षा विभाग के साथ पुलिस, स्वास्थ्य और समाज कल्याण विभाग को मिलकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। इनमें विद्यार्थियों के साथ संवाद, नुक्कड़ नाटक और अन्य जागरूकता गतिविधियां शामिल होंगी।

इसके लिए विस्तृत गतिविधि चार्ट तैयार किया जाएगा, जिसमें कार्यक्रम की जगह, संबंधित विभाग, तारीख और गतिविधि का विवरण दर्ज रहेगा। इससे कार्यक्रमों की समयबद्ध रिपोर्टिंग और एनकोर्ड पोर्टल पर अपलोडिंग सुनिश्चित की जा सकेगी।
NDPS एक्ट में कार्रवाई की भी हुई समीक्षा
बैठक में बताया गया कि इस माह NDPS एक्ट के तहत करीब दो ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, करीब एक किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में भी एक अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है।
उपायुक्त ने दोनों अनुमंडलों में संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बनाकर नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया। मेडिकल दुकानों में बिना चिकित्सकीय पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने के लिए ड्रग इंस्पेक्टर को नियमित निरीक्षण और कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि नशीले पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच सूचना के आदान-प्रदान और समन्वय के जरिए नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की बात कही।
बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी कई संबंधित पदाधिकारी बैठक से जुड़े।


