27 अक्टूबर की अधिसूचना को लेकर ईंट निर्माता संघ में नाराजगी, कांके में हुई प्रदेशस्तरीय आमसभा; सरकार से आदेश पर पुनर्विचार और तकनीकी-आर्थिक सहयोग की मांग

रांची: झारखंड में ईंट भट्ठों के संचालन पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। खनन विभाग की ओर से जारी नई अधिसूचना को लेकर ईंट निर्माता संघ ने विरोध जताया है। संघ का कहना है कि यदि मौजूदा निर्देशों का व्यावहारिक समाधान नहीं निकाला गया, तो राज्य के कई ईंट भट्ठों का संचालन बंद करना पड़ सकता है। इसका सीधा असर इस उद्योग से जुड़े लाखों मजदूरों और उनके परिवारों पर पड़ेगा। रोजगार छिनने की स्थिति में मजदूरों के सामने दूसरे राज्यों में पलायन करने की मजबूरी भी पैदा हो सकती है।
इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार को कांके के अरसंडे स्थित रवि बैंक्वेट हॉल में झारखंड प्रदेश ईंट निर्माता संघ की प्रदेशस्तरीय आमसभा आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष अनंत नाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों के संघ पदाधिकारी और ईंट उद्यमी शामिल हुए। बैठक में 27 अक्टूबर 2026 को खनन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना पर विस्तार से चर्चा की गई और सरकार से इस पर पुनर्विचार करने की मांग उठाई गई।
खनन विभाग के निर्देशों से बढ़ी भट्ठा संचालकों की परेशानी
आमसभा में वक्ताओं ने कहा कि खनन विभाग की नई अधिसूचना के तहत ईंट भट्ठों के संचालन के लिए चलंत चिमनी, स्थायी चिमनी और हवा भट्ठा से संबंधित निर्देश दिए गए हैं। भट्ठा संचालक इन निर्देशों का पालन करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए जरूरी आर्थिक सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि भट्ठों में निर्धारित बदलाव करना और उससे जुड़े जरूरी दस्तावेज तैयार कराना आसान नहीं है। इसके लिए काफी खर्च और समय की जरूरत है। छोटे और मध्यम स्तर के भट्ठा संचालकों के सामने विशेष रूप से आर्थिक चुनौतियां हैं। ऐसे में बिना पर्याप्त सहयोग के नए निर्देशों का पालन करना मुश्किल हो रहा है।
ईंट उद्योग बंद हुआ तो मजदूरों पर पड़ेगा सीधा असर
बैठक में ईंट भट्ठा उद्योग से जुड़े मजदूरों की आजीविका को लेकर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि ईंट निर्माण केवल भट्ठा संचालकों का व्यवसाय नहीं है, बल्कि इससे बड़ी संख्या में श्रमिकों और अन्य लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है।
इस उद्योग में ईंट बनाने वाले पथेरा, ईंटों की बोझाई करने वाले मजदूर, भट्ठों से ईंट निकालने वाले श्रमिक, मिस्त्री और ट्रैक्टर चालक समेत महिला एवं पुरुष मजदूर काम करते हैं। इसके अलावा परिवहन और निर्माण से जुड़े कई अन्य वर्गों की आजीविका भी इसी उद्योग पर निर्भर करती है।
संघ का कहना है कि भट्ठा संचालन बाधित होने से इन सभी लोगों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। कई मजदूर दूसरे राज्यों से काम करने झारखंड आते हैं। यदि यहां रोजगार के अवसर समाप्त हुए तो उन्हें वापस लौटने या दूसरे राज्यों में काम की तलाश करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।
जिला मुख्यालय से रांची तक आंदोलन की चेतावनी
आमसभा में संघ ने सरकार के सामने अपनी मांगें रखते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। पदाधिकारियों ने बताया कि ईंट भट्ठों पर मजदूर पहुंच चुके हैं और कामकाज का समय भी शुरू हो रहा है। ऐसे में संचालन में बाधा आने से भट्ठा संचालकों के साथ मजदूरों को भी नुकसान उठाना पड़ेगा।
संघ ने निर्णय लिया है कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में सबसे पहले जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो राजधानी रांची में प्रदेशस्तरीय आंदोलन किया जाएगा।
सरकार से क्या है ईंट निर्माता संघ की मांग?
झारखंड प्रदेश ईंट निर्माता संघ ने राज्य सरकार से मुख्य रूप से दो मांगें रखी हैं।
- पूर्व की तरह ईंट भट्ठों के संचालन में खनन विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
- भट्ठा संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज और कागजी प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि संचालक निर्धारित नियमों का पालन कर सकें।
संघ का कहना है कि पर्यावरण और सरकारी नियमों का पालन करने के लिए भट्ठा संचालक तैयार हैं, लेकिन इसके लिए सरकार को आर्थिक और तकनीकी स्तर पर व्यावहारिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए।
कई जिलों के ईंट उद्यमियों ने लिया हिस्सा
आमसभा में संघ के कार्यकारी अध्यक्ष शंभु त्रिपाठी, वरीय उपाध्यक्ष राधेश्याम सिंह, लादु राम शर्मा, कोषाध्यक्ष अशोक राय और महामंत्री अभय नारायण तिवारी मौजूद रहे।
इसके अलावा लातेहार, चाईबासा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद, गुमला और खूंटी समेत कई जिलों के अध्यक्षों और पदाधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। विभिन्न प्रखंडों के ईंट उद्यमियों और रांची जिले के बड़ी संख्या में कारोबारियों की भी उपस्थिति रही।
बैठक के अंत में संघ के महामंत्री अभय नारायण तिवारी ने राज्य सरकार से जनहित, मजदूरों की आजीविका और ईंट उद्योग के भविष्य को ध्यान में रखते हुए 27 अक्टूबर की अधिसूचना पर पुनर्विचार करने की अपील की।


