Wednesday, September 23

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने पश्चिम एशिया के खाड़ी देशों में पढ़ने वाले 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए एक बड़ा और राहत भरा फैसला लिया है। इस क्षेत्र में तनावपूर्ण और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण मार्च महीने में जिन विषयों की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित नहीं हो सकी थीं, बोर्ड अब उन्हें दोबारा कराने जा रहा है। यह मौका उन सभी रेगुलर और प्राइवेट छात्रों को दिया जा रहा है, जो विशेष मूल्यांकन योजना के तहत जारी किए गए अपने रिजल्ट से संतुष्ट नहीं हैं।

सात देशों में 40 विषयों की परीक्षाएं रद्द हुई थीं

सीबीएसई द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 12वीं बोर्ड के कुल 40 विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं। इनमें 20 अकैडमिक विषय और 20 स्किल विषय शामिल हैं। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने बताया कि प्रभावित रेगुलर छात्रों का रिजल्ट 13 मई को विशेष मूल्यांकन योजना के तहत घोषित किया गया था, और बाद में प्राइवेट छात्रों के नतीजे भी इसी आधार पर जारी किए गए थे। अब उसी योजना के प्रावधानों के तहत असंतुष्ट छात्रों को अंक सुधारने का यह अवसर दिया जा रहा है।

बिना फीस के दे सकेंगे परीक्षा, नया रिजल्ट होगा फाइनल

इस विशेष परीक्षा प्रक्रिया की सबसे अहम बातें यह हैं कि दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों से किसी भी प्रकार की परीक्षा फीस नहीं ली जाएगी। छात्र अपनी पसंद के उन विषयों में शामिल हो सकते हैं, जिनकी परीक्षा पहले रद्द हुई थी, लेकिन इस नई परीक्षा में मिले अंक ही फाइनल माने जाएंगे और पुराने रिजल्ट की जगह ले लेंगे। परीक्षाएं सिर्फ प्रभावित खाड़ी देशों में ही आयोजित होंगी और परीक्षा केंद्र पहले जैसे ही रहेंगे।

स्कूलों को दिए गए खास निर्देश

सीबीएसई ने कहा है कि परीक्षा फॉर्म पात्र छात्रों द्वारा सीधे ऑनलाइन माध्यम से भरे जाएंगे। बोर्ड ने संबंधित खाड़ी देशों के सभी सीबीएसई स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे इस नोटिस की जानकारी तुरंत सभी प्रभावित 12वीं के छात्रों तक पहुंचाएं और फॉर्म भरने में उनकी सहायता करें। परीक्षा की तारीखें और डेटशीट आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए छात्रों को आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।

इसे भी पढ़े:  50-100 रुपये वाला टेम्पर्ड ग्लास खरीदने से पहले जान लें ये नया नियम

 

Share.
Next Story
झारखंड भाजपा में संगठनात्मक बदलाव, गजेंद्र पटेल को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी
Exit mobile version