दिल के मरीजों को मिलेगी बड़ी सुविधा, टेंडर में सामने आई थी 9.90 करोड़ की न्यूनतम दर…पहले 8 करोड़ रुपये की थी योजना
रांची। राजधानी के सदर अस्पताल में हृदय रोगियों की जांच और इलाज की सुविधा बढ़ाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। अस्पताल में अब 9.90 करोड़ रुपये की लागत से कैथ लैब स्थापित की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार ने टेंडर में सामने आई बढ़ी हुई लागत को मंजूरी दे दी है। इससे लंबे समय से प्रस्तावित कैथ लैब के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
दरअसल, राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में रांची सदर अस्पताल में कैथ लैब लगाने की योजना को मंजूरी दी थी। शुरुआत में इस पूरी योजना के लिए 8 करोड़ रुपये की लागत निर्धारित की गई थी। फरवरी 2025 में इसके तहत कैथ लैब के निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपये, मशीन और उपकरणों की खरीद के लिए 60 लाख रुपये तथा मानव संसाधन की व्यवस्था के लिए 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। हालांकि, सरकार की ओर से योजना के लिए 7 करोड़ रुपये ही आवंटित किए गए थे।
योजना को धरातल पर उतारने के लिए ई-टेंडर जारी किया गया। टेंडर प्रक्रिया के दौरान कैथ लैब स्थापित करने के लिए सबसे कम दर 9.90 करोड़ रुपये की प्राप्त हुई। यह राशि शुरुआती अनुमानित लागत से अधिक थी। इसके बाद लागत में हुई वृद्धि को लेकर सरकार स्तर पर विचार-विमर्श किया गया।
आखिरकार सरकार ने 9.90 करोड़ रुपये की बढ़ी हुई लागत पर कैथ लैब स्थापित करने की सहमति दे दी। इस मंजूरी के बाद अब रांची सदर अस्पताल में कैथ लैब का काम आगे बढ़ने की उम्मीद है। इसके स्थापित होने से अस्पताल में हृदय रोग से संबंधित जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
