रांची: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सीआईएसएफ, गृह मंत्रालय के रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस, रांची के तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में एक वरिष्ठ लेखा अधिकारी (सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर) और दो सहायक लेखा अधिकारी (असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर) शामिल हैं।
सीबीआई ने इस मामले में 26 अगस्त 2026 को तीनों लोक सेवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि इन अधिकारियों ने सीआईएसएफ, एनटीपीसी, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) में तैनात हेड कांस्टेबल शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। यह रिश्वत उनकी यूनिट के विभिन्न अधिकारियों के ट्रैवलिंग अलाउंस (टीए) बिल, चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस बिल सहित कई अन्य बिलों के भुगतान और प्रोसेसिंग के एवज में मांगी गई थी।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने आज यानी 27 अगस्त 2026 को सीआईएसएफ के रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस, रांची में जाल बिछाया। ट्रैप कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपी अधिकारी — एक सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर और दो असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर — शिकायतकर्ता से 48,400 रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। ट्रैप के दौरान ही यह पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई।
इसके साथ ही सीबीआई ने आरोपियों से जुड़े रांची और धनबाद स्थित पांच ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें आपत्तिजनक दस्तावेज और नकदी बरामद हुई है।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और कल यानी 28 अगस्त 2026 को सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। सीबीआई ने बताया है कि मामले में आगे की जांच जारी है।


