Ranchi: राजधानी रांची के डोरंडा स्थित क्षेत्रीय लेखा कार्यालय में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजी ऑफिस के समीप स्थित कार्यालय में CBI की टीम ने छापेमारी कर एक अकाउंट ऑफिसर को 19,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान दो अन्य अकाउंट ऑफिसर्स को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, CBI ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाकर कार्रवाई की। आरोप है कि बिल पास कराने के एवज में अकाउंट ऑफिसर्स द्वारा कथित तौर पर पैसे की मांग की जाती थी। इसी मामले में टीम ने एक अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते हुए दबोचा।
हिरासत में लिए गए तीनों अकाउंट ऑफिसर अकाउंट इंचार्ज के अधीन कार्यरत बताए जा रहे हैं। CBI की टीम फिलहाल कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और संबंधित रिकॉर्ड को खंगाल रही है।
कार्रवाई के दौरान कार्यालय में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। CBI की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।


