चैंबर की रियल एस्टेट एवं अर्बन डेवलपमेंट उप समिति की बैठक में उठे कई अहम मुद्दे, पर्चेसेबल एफएआर लागू करने और नक्शा स्वीकृति प्रक्रिया में बदलाव की मांग

रांची, 28 नवंबर। झारखंड में रियल एस्टेट और शहरी विकास को गति देने के लिए बिल्डिंग बाईलॉज में व्यापक सुधार की जरूरत है। राज्य में सभी आकार के प्लॉट पर तीन एफएआर (फ्लोर एरिया रेशियो) उपलब्ध कराने, पर्चेसेबल एफएआर लागू करने, ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं में एफएआर खरीदने की सुविधा देने और रेरा (रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी) की जटिल प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग उठी है। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की रियल एस्टेट एंड अर्बन डेवलपमेंट उप समिति की बैठक में इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
चैंबर भवन में आयोजित बैठक में उप समिति के चेयरमैन आलोक सरावगी और अमित अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि बिहार बिल्डिंग बाईलॉज की तर्ज पर झारखंड में भी सभी आकार के प्लॉट पर तीन एफएआर उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे भवन निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में अब तक पर्चेसेबल एफएआर लागू नहीं किया गया है, जबकि वर्तमान परिस्थितियों में इसे जल्द लागू करना आवश्यक है। ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं में भी एफएआर खरीदने का प्रावधान होना चाहिए।
12 फीट तक के पहुंच पथ पर स्व घोषणा से मिले नक्शे की मंजूरी
उप समिति के चेयरमैन आलोक सरावगी ने भवनों के नक्शा अनुमोदन की प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने बिहार के हालिया बिल्डिंग बाईलॉज का उदाहरण देते हुए कहा कि 12 फीट तक के पहुंच पथ वाले प्लॉट पर भवन निर्माण के नक्शे स्व घोषणा के आधार पर स्वीकृत किए जाने चाहिए। वहीं, 10 से 24 मीटर तक ऊंचाई वाले भवनों के नक्शों की तकनीकी स्वीकृति आर्किटेक्ट के स्तर पर देने की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे अधिक ऊंचाई वाले भवनों के लिए नगर निकाय अथवा सक्षम प्राधिकार से मंजूरी लेने का प्रावधान रखा जा सकता है।
बैठक में सदस्यों ने स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नक्शा अनुमोदन की प्रक्रिया के लगातार जटिल होने पर चिंता जताई। उनका कहना था कि नक्शा पास कराने में अनावश्यक देरी से निर्माण कार्य प्रभावित होते हैं। इसलिए पूरी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तेज बनाने की आवश्यकता है।
रेरा कंप्लायंस की परेशानियां दूर करने के लिए चेयरमैन से मिलेगा चैंबर
कार्यकारिणी सदस्य एवं उप समिति चेयरमैन अमित अग्रवाल ने रेरा कंप्लायंस से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को उठाते हुए कहा कि मौजूदा प्रक्रियाओं को सरल बनाने की जरूरत है। रियल एस्टेट कारोबारियों को अनुपालन संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस पर बैठक में सहमति बनी कि जल्द ही रेरा के चेयरमैन से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया जाएगा और प्रक्रियाओं को व्यावहारिक एवं सरल बनाने का आग्रह किया जाएगा।
चैंबर के सह सचिव अमित शर्मा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने कहा कि रियल एस्टेट क्षेत्र को गति देने के लिए नीतिगत प्रक्रियाओं का सरलीकरण जरूरी है। नियम ऐसे होने चाहिए, जिनका पालन करना कारोबारियों के लिए व्यावहारिक हो। कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल ने भी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए अपने सुझाव रखे।
रजिस्ट्री शुल्क में 10 प्रतिशत वृद्धि पर जताई नाराजगी
बैठक में भूमि एवं भवन की खरीद-बिक्री पर निबंधन शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि के विभागीय निर्णय पर भी सदस्यों ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि झारखंड में पहले से ही रजिस्ट्री शुल्क सात प्रतिशत है। ऐसे में शुल्क में अतिरिक्त वृद्धि से आम नागरिकों और कारोबारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। इसका प्रतिकूल असर रियल एस्टेट क्षेत्र की गतिविधियों पर भी पड़ सकता है। सदस्यों ने निर्णय पर पुनर्विचार की मांग करते हुए संबंधित विभाग के सचिव से मुलाकात कर इस विषय पर वार्ता करने का निर्णय लिया।
निवेश और रोजगार बढ़ाने वाली हों नीतियां : तुलसी पटेल
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि सरकार की नीतियां विकास को प्रोत्साहित करने के साथ आम नागरिकों और कारोबारियों के हितों का भी ध्यान रखने वाली होनी चाहिए। रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े सुझावों पर सकारात्मक पहल होने से राज्य में निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि चैंबर इस क्षेत्र की समस्याओं का संकलन कर विभागीय स्तर पर उनके समाधान की पहल करेगा।
वहीं, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय ने कहा कि झारखंड के पड़ोसी राज्यों के बिल्डिंग बाईलॉज का तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा। इसके बाद व्यावहारिक सुझाव तैयार कर संबंधित विभाग को सौंपे जाएंगे, ताकि राज्य में भवन निर्माण और रियल एस्टेट क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर नीतिगत व्यवस्था बनाई जा सके।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, सह सचिव अमित शर्मा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, उप समिति चेयरमैन अमित अग्रवाल एवं आलोक सरावगी के अलावा विकास मोदी, विवेक अग्रवाल, निहित गाड़ोदिया, प्रमोद सारस्वत और शशांक भारद्वाज उपस्थित थे।


