Saturday, September 12

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। रविवार, 13 सितंबर 2026 को होने वाले चुनाव के लिए शुक्रवार को चुनाव समिति ने मतदान स्थल मारवाड़ी भवन, हरमू रोड का जायजा लिया।

चुनाव समिति ने मतदान व्यवस्था में लगे सीए और सीएस इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों समेत अन्य कर्मियों को चुनाव प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों की जानकारी दी। इस दौरान मतदाताओं के प्रवेश, मतदान प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन और मतगणना से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

मतदान प्रक्रिया को लेकर दी गई जानकारी

चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर ने कहा कि चुनाव की सभी तैयारियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी कर ली गई हैं। मतदान को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

वहीं, को-चेयरमैन पवन शर्मा ने कहा कि मतदान व्यवस्था में शामिल सभी लोगों को उनकी जिम्मेदारियों और चुनाव प्रक्रिया के बारे में आवश्यक जानकारी दी गई है। मतदान स्थल पर अनुशासन और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

13 सितंबर को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मतदान

फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के चुनाव में 21 कार्यकारिणी सदस्यों और 3 प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के निर्वाचन के लिए मतदान होगा।

मतदान 13 सितंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची में कराया जाएगा।

चुनाव समिति ने सभी मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर मतदान स्थल पर पहुंचने और शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

Share.
Next Story
बैंक हड़ताल को जोरदार समर्थन, PLI में भेदभाव के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन
Exit mobile version