-चरही के 15 माइल के पास रातभर चला एम्बुश, अवैध कोयला कारोबार पर लगाम लगाने की पहल
हजारीबाग: जिले में अवैध कोयला ढुलाई के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अहले सुबह पांच ट्रकों को जब्त किया। यह कार्रवाई 23 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 2:30 बजे चरही क्षेत्र के 15 माइल के पास की गई।
जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात से ही अवैध कोयला परिवहन पर रोक लगाने के लिए संबंधित इलाके में एम्बुश लगाया गया था। इसी दौरान पांच ट्रकों को पकड़ा गया। इसके बाद सभी ट्रकों को जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के संशोधित प्रावधानों के तहत की गई। इसका उद्देश्य अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। हालांकि, जब्त कोयले की कुल मात्रा की जानकारी सामने नहीं आयी है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
हजारीबाग जिले में अवैध कोयला ढुलाई के खिलाफ सीआईएसएफ पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुकी है।
15 अक्टूबर 2026: सीआईएसएफ की NTPC-CMP हजारीबाग टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चरही चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर छापेमारी की थी। इस दौरान बादम क्षेत्र से आ रहे अवैध कोयला लदे दो ट्रकों को पकड़ा गया था। दोनों ट्रकों से कुल 99.260 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया था।
10 जुलाई 2026: बड़कागांव क्षेत्र में भी सीआईएसएफ ने अवैध कोयला ढुलाई के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस दौरान अवैध कोयला लदे चार ट्रकों को जब्त किया गया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के जरिए जिले में अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की कोशिश की जा रही है।


