Tuesday, November 24

लुगुबुरू महोत्सव में मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का किया आह्वान

बोकारो। ललपनिया स्थित संथाल आदिवासी समाज के आस्था के पवित्र स्थल लुगुबुरू धाम में आयोजित तीन दिवसीय ‘लुगू बुरू घंटा बाड़ी धोरोम गाढ़’ राजकीय महोत्सव के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरना धर्म कोड का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस मांग पर अब तक फैसला नहीं लिए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से सरना धर्म कोड की मांग केंद्र को भेजी जा चुकी है, लेकिन अब तक इस पर मुहर नहीं लगी है। उन्होंने आदिवासी समाज से अपनी पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ लुगुबाबा के दरबार पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महोत्सव में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत जोहार के साथ की और कार्यक्रम के आयोजकों, समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों तथा आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरमगढ़ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज की आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र है। यहां देशभर से लोग अपनी धार्मिक भावनाओं और आस्था के साथ पहुंचते हैं। इस पवित्र स्थल से पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शिबू सोरेन और रूपी सोरेन की भी गहरी आस्था जुड़ी रही है।

सरना धर्म कोड पर केंद्र सरकार से मांगा जवाब

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरना धर्म कोड आदिवासी समाज की पहचान और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। राज्य सरकार ने समाज की इस मांग को केंद्र सरकार तक पहुंचाया है, लेकिन अभी तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की धार्मिक पहचान को उचित मान्यता मिलनी चाहिए।

आदिवासी समाज से एकजुट रहने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगुबुरू धाम में देश के अलग-अलग हिस्सों से आदिवासी समाज के लोग पहुंचते हैं। यहां आने का उद्देश्य सिर्फ पूजा-पाठ और मेले में शामिल होना नहीं होना चाहिए। इस पवित्र स्थल से समाज को अपनी पहचान, संस्कृति और परंपराओं को बचाने का संकल्प लेकर लौटना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को अपने अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। लुगुबाबा की इस पवित्र धरती से मिलने वाली प्रेरणा समाज को आगे बढ़ने और अपनी पहचान मजबूत करने की ताकत देती है।

Share.
Next Story
रांची में 5 दिसंबर से बदलेगा मांस बिक्री का नियम, दुकानों में नहीं होगी कटाई; कांके स्लॉटर हाउस से मिलेगी सप्लाई
Exit mobile version