चतरा:चतरा पुलिस ने कोयला क्षेत्र में लेवी वसूली के लिए फायरिंग और आगजनी की बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि टंडवा-पिपरवार क्षेत्र में राहुल दुबे के इशारे पर उसके गैंग के सदस्य कोयला खदानों और साइडिंग में लेवी के लिए दहशत फैलाने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (टंडवा) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे राहुल दुबे के निर्देश पर रामगढ़ के बरकाकाना और कुज्जू, हजारीबाग के केरेडारी व चरही, चतरा के आम्रपाली, पिपरवार के अशोका माइंस व राजधर साइडिंग तथा रांची के खेलारी क्षेत्र की रेकी कर चुके थे। गैंग की योजना इन इलाकों में फायरिंग और आगजनी कर दहशत फैलाने की थी। इसी साजिश के तहत वे आम्रपाली और राजधर साइडिंग में वारदात को अंजाम देने के लिए पिपरवार थाना क्षेत्र में एकत्र हुए थे।
पुलिस ने इस मामले में पिपरवार थाना कांड संख्या 30/26, दिनांक 14 जुलाई 2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
संजय मूर्ति, निवासी लटकुटा बस्ती, गोमिया, जिला बोकारो
आलोक कुमार सिंह, निवासी बोकारो स्टील सिटी, जिला बोकारो
अजय करमाली, निवासी बुंडू, थाना केरेडारी, जिला हजारीबाग
बरामद सामान
1 देशी पिस्टल
1 देशी कट्टा
6 जिंदा कारतूस
3 मोबाइल फोन
1 मोटरसाइकिल (JH08H-3055)
पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर कोयला क्षेत्र में होने वाली एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया है। मामले की जांच जारी है और राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
