रांची: चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। बुधवार सुबह रांची में अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ बारिश और मेघ गर्जन से मौसम ठंडा हो गया। सुबह से ही राजधानी में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
रांची के अलावा हजारीबाग, कोडरमा, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह और बोकारो समेत कई जिलों में आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। इन इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी
बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश और मेघ गर्जन के दौरान पेड़ों तथा बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। तेज हवाओं और बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन हो सकती है, इसलिए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे कटी हुई फसलों और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि बारिश से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
