Thursday, September 10

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के रांची स्थित फार्म हाउस परिसर में मंगलवार को कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया।सांप को देखते ही फार्म हाउस में मौजूद कर्मचारियों के बीच हलचल बढ़ गई। आनन-फानन में स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम फार्म हाउस पहुंची। पहले सांप की लोकेशन का जायजा लिया गया और फिर काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

18 साल पुराना है कोबरा, मामूली चोट के साथ हुआ रेस्क्यू

रेस्क्यू एक्सपर्ट के अनुसार, पकड़े गए कोबरा की उम्र लगभग 18 साल है। रेस्क्यू के दौरान उसके शरीर पर मामूली चोट आई। सांप को पकड़ने के बाद उसकी प्राथमिक देखभाल की गई, इसके बाद उसे फार्म हाउस से दूर सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ दिया गया। घटना के वक्त धोनी के परिवार का कोई सदस्य फार्म हाउस में मौजूद नहीं था।

मौके पर जमा हुई भीड़, बिना किसी अप्रिय घटना के हुआ रेस्क्यू

सांप के फार्म हाउस में मिलने की खबर आसपास के लोगों तक पहुंची तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहत की बात रही कि सांप को समय रहते सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट नारायण प्रमाणिक ने बताया कि उन्हें फोन आया था कि धोनी के फार्म हाउस में कोबरा घुस आया है, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सांप को रेस्क्यू करने में काफी परेशानी हुई, लेकिन सावधानी के साथ उसे पकड़ लिया गया।

लोगों से की गई अपील

नारायण प्रमाणिक ने लोगों से अपील की है कि रिहायशी इलाके या घर के आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने की कोशिश न करें। घबराने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू एक्सपर्ट को सूचना दें, जिससे सांप को भी बचाया जा सके और लोगों को भी खतरे से दूर रखा जा सके।

इसे भी पढ़े – मनी लॉन्ड्रिंग केस में मधु कोड़ा को मिलेगी राहत या बढ़ेगी मुश्किल?

Share.
Next Story
झारखंड में निवेश को मिलेगी नई उड़ान, टेक्सटाइल और औद्योगिक नीति को मिलेगा नया स्वरूप
Exit mobile version