रांची। राजधानी रांची के कांके रोड इलाके में लिफ्ट से जुड़ा एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट का दरवाजा खुलने के बाद हुए हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। घटना के बाद सोसाइटी की लिफ्ट व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, कुछ माह पूर्व कांके रोड के ड्रीम्ज अपार्टमेंट में तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट का दरवाजा खुलने और लिफ्ट के सही स्थान पर नहीं होने की स्थिति बनी थी। इसी दौरान बुजुर्ग ने लिफ्ट में प्रवेश करने की कोशिश की और हादसे का शिकार हो गए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां महीनों इलाज के बाद उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों की ओर से लापरवाही का आरोप लगाया गया है। मामले में सोसाइटी के पूर्व पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर भी शिकायत की गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
रांची में इससे पहले भी लिफ्ट का दरवाजा खुलने के बावजूद लिफ्ट के प्लेटफॉर्म पर नहीं होने से बड़ा हादसा हो चुका है। 2023 में चुटिया के समृद्ध इन्क्लेव में एक व्यक्ति लिफ्ट की शाफ्ट में गिर गया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
कांके की घटना ने एक बार फिर अपार्टमेंट और सोसाइटी में लिफ्ट की नियमित जांच, रखरखाव और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़ें:-RIMS में बायोमेट्रिक हाजिरी पर बवाल, जूनियर डॉक्टरों ने डीन को लिखा विरोध पत्र


