दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री के बैग में रखे पावर बैंक में आग लग गई। बैग से धुआं निकलता देख यात्रियों ने तुरंत केबिन क्रू को इसकी सूचना दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान को हैदराबाद डायवर्ट किया गया, जहां उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
बैग से धुआं निकलते ही मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, विमान में एक यात्री के बैग में रखा पावर बैंक अचानक गर्म होकर आग की चपेट में आ गया। बैग से धुआं निकलने लगा तो यात्रियों ने इसकी जानकारी क्रू को दी। इसके बाद केबिन क्रू ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को चेन्नई ले जाने के बजाय हैदराबाद डायवर्ट करने का फैसला लिया। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को राहत मिली।
यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था
इंडिगो ने बताया कि केबिन क्रू ने घटना के दौरान स्थिति को संभाल लिया था। इसके बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई।
पावर बैंक को लेकर बरतें सावधानी
पावर बैंक में इस्तेमाल होने वाली लिथियम बैटरी में खराबी या अत्यधिक गर्मी के कारण आग लगने का खतरा हो सकता है। इसलिए विमान में सफर करते समय एयरलाइन के सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है। पावर बैंक से धुआं निकलने, असामान्य गर्मी महसूस होने या जलने की गंध आने पर तुरंत केबिन क्रू को सूचना देनी चाहिए।
इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
