Saturday, October 24

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए भारतीयों की मेहनत और मजबूत इरादों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया युद्ध, अस्थिरता और सप्लाई चेन की परेशानियों से जूझ रही है, ऐसे समय में भारत का तेजी से आगे बढ़ना देश की सामूहिक ताकत को दिखाता है। इसी संदेश के साथ पीएम मोदी ने लोगों से ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में खास तौर पर सोने की खरीदारी को लेकर भी लोगों से सोच-समझकर फैसला लेने को कहा। उन्होंने अपील की कि अगर सोने की वास्तविक जरूरत नहीं है तो उसकी खरीदारी से बचना चाहिए और केवल जरूरत होने पर ही इसे खरीदा जाए।

दुनिया की चुनौतियों के बीच भारत की 7.8% ग्रोथ

पीएम मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत ग्रोथ रेट को देशवासियों की मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्से युद्ध की स्थिति से गुजर रहे हैं और सप्लाई चेन पर भी इसका असर पड़ा है। कोविड-19 के दौर के बाद से वैश्विक स्तर पर स्थिरता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण रहा है। इसके बावजूद भारत अपनी विकास यात्रा को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।

प्रधानमंत्री ने देश के भीतर निराशा फैलाने वाले आलोचनात्मक सुरों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन तमाम मुश्किलों से ऊपर उठकर भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है और अब इस रफ्तार को बनाए रखने की जरूरत है।

सोने की खरीदारी पर क्यों दी सलाह?

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से गैर-जरूरी खर्च से बचने और वास्तविक जरूरतों को प्राथमिकता देने की बात कही। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि जब तक बहुत जरूरी न हो, तब तक सोना खरीदने से बचना चाहिए। उनका जोर सोच-समझकर खर्च करने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने वाली आदतों को अपनाने पर रहा।

विदेश में शादी और बेवजह विदेश यात्रा से भी बचने की अपील

पीएम मोदी ने ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सिर्फ मौज-मस्ती के लिए विदेश जाने और विदेश में शादियां करने के बजाय भारत में ही शादी करने की परंपरा को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

उनके मुताबिक, स्थानीय चीजों और संसाधनों को प्राथमिकता देने से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

युवाओं के सपनों और विकसित भारत का जिक्र

देश के युवाओं को भारत के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत से युवा पीढ़ी के सपनों को पूरा किया जा सकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि सही नीतियों, मजबूत इरादों और 1.4 अरब भारतीयों की सामूहिक शक्ति के साथ देश नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ना होगा, ताकि आजादी के 100 साल पूरे होने तक देश अपनी युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंप सके।

इसे भी पढ़े – H1N1-H3N2 सीजनल फ्लू को लेकर झारखंड अलर्ट, अस्पतालों में बनेंगे आइसोलेशन वार्ड

Share.
Next Story
आज संभलकर रहें! झारखंड के 4 जिलों में येलो अलर्ट, बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा का खतरा
Exit mobile version