रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) में दो वर्षीय स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक विद्यार्थियों को तय समय सीमा के भीतर अपनी नामांकन प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।
कुलपति प्रो. राजीव मनोहर ने परीक्षाओं की समय-सारणी की जानकारी देते हुए बताया कि 28 नवंबर से स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा शुरू हो रही है, जिसके दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक समाप्त होने की संभावना है। इसके तुरंत बाद विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
कुलपति ने आगे बताया कि विश्वविद्यालय में पीएचडी में नामांकन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इसके अतिरिक्त, संस्थान की शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली व गुणवत्ता को नई गति देने के उद्देश्य से विभिन्न बोर्ड और निदेशकों की नियुक्ति भी कर दी गई है। वहीं, विश्वविद्यालय के जनसंपर्क निदेशक डॉ. राजेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि आगामी नए वर्ष में डीएसपीएमयू की ओर से विद्यार्थियों के हित में कई नए और रोजगारपरक शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे।
