Saturday, November 28

रांची: रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति और राजस्व वसूली को लेकर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। A2Z वेस्ट मैनेजमेंट एजेंसी की ओर से नगर निगम पर 9 करोड़ 8 लाख रुपये के बकाये का दावा किए जाने के बाद निगम में हलचल तेज हो गई है। कमर्शियल कोर्ट के आदेश पर बुधवार को सिविल कोर्ट की नाजिरत टीम नगर निगम कार्यालय पहुंची थी। इसके बाद गुरुवार को निगम में आपातकालीन बैठक बुलाई गई, जिसमें निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और राजस्व बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में महापौर रोशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार , नगर आयुक्त सुशांत गौरव, सभी वार्डों के पार्षद और निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

100 करोड़ से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया : महापौर

बैठक के बाद महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि किसी भी संस्थान को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत होना बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संस्थानों और बड़े प्रतिष्ठानों पर नगर निगम का 100 करोड़ रुपये से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया है। उन्होंने कहा कि निगम की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए बकाया राशि की वसूली जरूरी है। इसके साथ ही राज्य सरकार को भी नगर निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहयोग करना चाहिए।

A2Z वेस्ट मैनेजमेंट एजेंसी के बकाये से जुड़े सवाल पर महापौर ने कहा कि यह मामला न्यायालय में है। कोर्ट के आदेश का सम्मान करना नगर निगम की जिम्मेदारी है।

7 से 10 दिनों में शुरू होगी बड़े स्तर पर राजस्व वसूली

वहीं, नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य निगम की आय बढ़ाना, राजस्व के नए स्रोत तलाशना और अनावश्यक खर्चों में कटौती करना है। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों, संस्थानों, पार्कों, बस स्टैंड और पार्किंग स्थलों से करीब 25 से 30 करोड़ रुपये का पुराना बकाया है।

नगर आयुक्त के अनुसार, निगम की खाली जमीन को लीज पर देने और बड़े भूखंडों को पीपीपी (PPP) मॉडल के तहत विकसित करने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई है। इससे निगम की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले 7 से 10 दिनों के भीतर बड़े स्तर पर राजस्व वसूली अभियान शुरू किया जाएगा।

Share.
Next Story
रांची विश्वविद्यालय अंतर कॉलेज बास्केटबॉल टीम का चयन ट्रायल 7 दिसंबर को
Exit mobile version