जमशेदपुर, 3 नवंबर: आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में 111 सेफ लाइफ अस्पताल के निदेशक डॉ. ओपी आनंद को गोली मारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।

गौरतलब है कि सोमवार को मार्ग संख्या-4 में डॉ. ओपी आनंद को उनके सगे बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु ने गोली मार दी थी। गोली उनकी पीठ में लगी थी, जिसके बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत स्थिर थी और वह खतरे से बाहर बताए गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की थी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी भी की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।


