बड़कागांव के कदमाडीह पुल के पास पुलिस ने की छापेमारी, 23 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक कार, दो बाइक और चार मोबाइल फोन जब्त
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला बड़कागांव थाना क्षेत्र का है, जहां कदमाडीह पुल के पास पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते पांच युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने इस दौरान एक कार, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बड़कागांव थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कदमाडीह पुल के समीप कुछ युवक ब्राउन शुगर की बिक्री करने पहुंचने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम गठित की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस ने देखा कि कुछ युवक कार और मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे हैं। वे कथित तौर पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे थे। पुलिस की टीम को देखते ही वहां मौजूद युवकों में अफरा-तफरी मच गई। सभी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर पांच युवकों को पकड़ लिया।
23 पुड़िया में मिली 11 ग्राम ब्राउन शुगर
पुलिस की तलाशी में आरोपियों के पास से कुल 23 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसका कुल वजन करीब 11 ग्राम बताया गया है। पूछताछ के दौरान युवकों ने पुलिस को बताया कि वे ब्राउन शुगर को छोटी-छोटी पुड़िया में पैक करके बेचते थे। प्रत्येक पुड़िया की कीमत एक हजार रुपये रखी गई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी खुद भी नशीले पदार्थों का सेवन करते थे।
सभी आरोपी हजारीबाग जिले के रहने वाले
गिरफ्तार युवकों की पहचान रविंद्र कुमार महतो, मोहम्मद राजन अंसारी, मोहम्मद अल्ताफ हुसैन, मोहम्मद अफताब आलम और पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी हजारीबाग जिले के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
