रामगढ़: रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी और पार्टी के केंद्रीय नेता पनेश्वर कुमार के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने की सूचना सामने आई है। इसको लेकर जेएलकेएम प्रमुख और डुमरी विधायक जयराम महतो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि पनेश्वर कुमार के कल रात से लापता होने की जानकारी मिली है और उन्हें एक बोलेरो वाहन में बैठाकर ले जाने की बात सामने आई है।
जयराम महतो ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पनेश्वर कुमार के लापता होने की खबर से वह बेहद चिंतित हैं। उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अपहरण की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। हालांकि, पनेश्वर कुमार के लापता होने की वास्तविक वजह और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
उन्होंने रामगढ़ जिला प्रशासन से भी मामले को प्राथमिकता देते हुए त्वरित जांच शुरू करने और पनेश्वर कुमार को सुरक्षित वापस लाने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है। अपनी पोस्ट के अंत में जयराम महतो ने कहा कि पनेश्वर कुमार की सकुशल वापसी के लिए सभी लोग एकजुट हैं।
इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: रांची के वार्ड नम्बर 6 का हाल…जलजमाव और सड़क बदहाल
