रांची: विघ्नहर्ता भगवान गणेश के जयकारों से राजधानी रांची भक्तिमय हो उठी। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर के अलग-अलग इलाकों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। घरों और पूजा पंडालों में गणपति की प्रतिमा स्थापित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई। शहर के कई प्रमुख पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।

रक्षा राज्य मंत्री के आवास पर हुआ विशेष पूजन
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची स्थित अपने आवास पर परिजनों और स्वजनों के साथ भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी पूजा उत्सव में शामिल हुए और भगवान गणेश की आरती की। गणपति बप्पा सात दिनों तक संजय सेठ के आवास पर विराजमान रहेंगे। इस दौरान सुबह और शाम आरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
IAS रमेश घोलप ने बनाई मिट्टी की प्रतिमा
IAS अधिकारी रमेश घोलप भी अपनी अनोखी पहल को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने बच्चों और परिवार के साथ मिलकर अपने हाथों से मिट्टी के गणपति तैयार किए हैं। उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। रांची स्थित उनके आवास पर इसी इको-फ्रेंडली प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। पिछले कुछ वर्षों से मिट्टी के गणपति बनाकर गणेशोत्सव मनाना उनके परिवार की परंपरा बन गई है।
शहर के कई इलाकों में उत्सव का माहौल
रांची के अरगोड़ा, मोहन कॉम्प्लेक्स, पिस्का मोड़, OTC और फिरायालाल समेत कई इलाकों में गणेश पूजा का आयोजन किया गया। गोपाल मोहन गणेश पूजा समिति, OTC गजराज पूजा समिति, श्री गणेश भक्त मंडल, श्री चर्च गणेश पूजा समिति और रांची गणेश पूजा समिति समेत विभिन्न पूजा समितियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ गणपति की स्थापना की। शाम होते ही पूजा पंडालों में आरती और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
इसे भी पढ़े – 21 अगस्त विवाद मामले में जयराम महतो को कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत


